Rajasthan

मुख्यमंत्री का दौरा भाजपा के ढहते किले का प्रमाण: डॉ. राजकुमार जयपाल

अजमेर, 5 सितम्बर । अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने शनिवार को प्रेस वक्तव्य जारी कर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्हाेंने दावा किया कि नगर निगम चुनाव 2026 में कांग्रेस पार्टी को मिल रहे समर्थन और शहर में कांग्रेस का बोर्ड बनने की निश्चितता को देखकर भारतीय जनता पार्टी में गहरा भय व्याप्त हो गया है। भाजपा को अपनी हार साफ नजर आ रही है, जिसके चलते उन्हें आनन-फानन में प्रदेश के मुख्यमंत्री को अजमेर के चुनावी मैदान में उतारना पड़ रहा है। यह भाजपा की हताशा और बौखलाहट का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व ही कांग्रेस पार्टी ने अजमेर की देवतुल्य जनता के समक्ष अपना ‘निश्चय पत्र’ (अजमेर विजन डॉक्यूमेंट) जारी कर भाजपा के 36 सालों के कुशासन की पोल खोल दी है। डॉ. जयपाल ने स्पष्ट किया कि अजमेर की जनता इस बार भाजपा के झूठे दावों और धूर्ततापूर्ण प्रचार को पूरी तरह से नकार चुकी है।

डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा, अजमेर नगर निगम में पिछले 36 वर्षों से लगातार भाजपा का बोर्ड रहा है। इन तीन दशकों में भाजपा ने अजमेर को केवल बदहाली, भ्रष्टाचार, सीवरेज की नाकामी और नागरिक सुविधाओं की उपेक्षा का ‘काला इतिहास’ दिया है। भाजपा ने पार्षदों को केवल अपने निजी स्वार्थ और व्यापार का माध्यम बनाकर रखा। अब समय आ गया है कि जनता इस कुशासन को समाप्त करे। कांग्रेस का हर पार्षद व्यापारी या व्यवसायी नहीं, बल्कि 24 घंटे जनता की सेवा करने वाला सच्चा जनसेवक होगा।”

कांग्रेस के ‘निश्चय पत्र’ (अजमेर विजन डॉक्यूमेंट) के 10 प्रमुख संकल्प:

पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार मुक्त निगम प्रशासन: जन्म-मृत्यु, मैरिज सर्टिफिकेट, एनओसी और पट्टों के लिए सिंगल विंडो डिजिटल सेवा लागू की जाएगी। प्रॉपर्टी टैक्स की विसंगतियों को दूर कर आम नागरिकों व छोटे व्यापारियों को राहत दी जाएगी।

व्यापारियों को राहत (रामसेतु डिवाइडर मुक्त): रामसेतु के नीचे (कचहरी रोड व स्टेशन रोड) व्यापारियों के व्यापार को चौपट करने वाले डिवाइडर को हटाकर व्यापारियों को राहत दी जाएगी।

सार्वजनिक पार्कों की मुक्ति: आजाद पार्क और सुभाष उद्यान को प्राइवेट हाथों से मुक्त कराकर जनता को सुपुर्द किया जाएगा।

पटेल स्टेडियम खिलाड़ियों के नाम: पटेल स्टेडियम को प्राइवेट हाथों से निकालकर शहर, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के लिए समर्पित किया जाएगा।

आनासागर झील व सड़कों का रखरखाव: ऐतिहासिक आनासागर झील के सौंदर्यकरण के उच्च स्तरीय प्रयास होंगे और सड़कों पर खुलेआम घूम रहे आवारा गौवंश, बन्दर व कुत्तों से आम जनता को राहत दिलाई जाएगी।

मूलभूत जन-सुविधाएं एवं सुरक्षा: हर वार्ड में सुरक्षा के लिए उच्च गुणवत्ता (एचडी) वाले सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। वर्षों से ठप पड़ी सीवरेज व्यवस्था का जीर्णोद्धार, 100 प्रतिशत स्ट्रीट लाइटें, स्वच्छता और हरित पार्कों का निर्माण होगा।

पर्यटन एवं रोजगार: आना सागर और वरुण सागर (फॉयसागर) में वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी (बोटिंग, क्रूज, जेट स्की) शुरू कर स्थानीय युवाओं को रोजगार दिया जाएगा।

जनसेवक पार्षद मॉडल: कांग्रेस का हर पार्षद अपने क्षेत्र में 24 घंटे सातों दिन उपलब्ध रहेगा और नियमित ‘जनता दरबार’ लगाकर समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट निस्तारण करेगा।

बुनियादी ढांचा एवं निर्बाध जलापूर्ति: बीसलपुर जल योजना के सुदृढ़ीकरण के साथ शहर में नियमित और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

ट्रैफिक, पार्किंग एवं शहरी प्रबंधन: मदार गेट, नया बाजार, केसरगंज, दरगाह क्षेत्र जैसे मुख्य व्यावसायिक क्षेत्रों में गड्डा-मुक्त सड़कें और मल्टी-लेवल पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।