Rajasthan

तीन लाख की रिश्वत लेते पकड़े गए अफसर का लॉकर खुला तो निकला डेढ़ करोड़ का सोना

अजमेर, 5 सितम्बर । तीन लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए एसीबी के ट्रैप में फंसे सामाजिक न्याय विभाग के संयुक्त निदेशक जयप्रकाश चारण की मुश्किलें अब और बढ़ती नजर आ रही हैं। रिश्वत के मामले की जांच आगे बढ़ी तो बैंक लॉकर ने ऐसी तस्वीर सामने रख दी, जिसने जांच एजेंसी को भी चौंका दिया।

एसीबी की तलाशी में चारण के बैंक लॉकर से करीब डेढ़ करोड़ रुपये कीमत का सोना और लगभग एक किलो चांदी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। लॉकर से निकली इस दौलत ने अब आरोपित की कथित काली कमाई को लेकर जांच का दायरा और बढ़ा दिया है।

एसीबी ने जयप्रकाश चारण को 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया था। इसके बाद उसकी संपत्तियों, बैंक लॉकर और वित्तीय लेन-देन की जांच शुरू की गई। लॉकर खुलते ही बड़ी मात्रा में कीमती धातुएं मिलने से मामला और गंभीर हो गया।

एसीबी की नजर अब आरोपी के बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन पर है। सोमवार को बैंक अकाउंट खंगाले जाने की तैयारी है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटेगी कि आरोपी के खातों में कितनी रकम है, पैसा कहां से आया और बरामद सोने-चांदी का स्रोत क्या है।

अगर बैंक खातों से भी बड़ी रकम या संदिग्ध लेन-देन सामने आते हैं, तो चारण की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

सर्च कार्रवाई एएसपी राजवीर सिंह चंपावत के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में हुई। वहीं डीजी गोविंद गुप्ता और एडीजी स्मिता श्रीवास्तव के निर्देश पर एसीबी ने आरोपित के खिलाफ शिकंजा कस रखा है।