MP

संघ प्रमुख मोहन भागवत आज उज्जैन प्रवास पर, कल युवा धर्म संसद में होंगे शामिल

भोपाल, 17 सितम्बर । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत आज (17 सितंबर) मध्य प्रदेश के प्रवास पर उज्जैन आ रहे हैं। वे यहां संघ की संगठनात्मक बैठकों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। डॉ. भागवत शुक्रवार को गीता भवन में आयोजित तीन दिवसीय युवा धर्म संसद-2026 अवंतिका में शामिल होंगे। आयोजन में 24 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 1600 से अधिक युवा शामिल होंगे।

सरसंघचालक के आगमन को लेकर संगठन के साथ पुलिस-प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि आज सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा इंतजामों की रिहर्सल भी की गई है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था की स्थिति न बने।

संघ कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, सरसंघचालक डॉ भागवत 17 सितंबर की दोपहर उज्जैन पहुंचेंगे। इसके बाद वे कोयला फाटक स्थित मनोरमा महाकाल गार्डन में संघ से जुड़े कार्यकर्ताओं और प्रमुख पदाधिकारियों की विशेष बैठक में शामिल होंगे। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा होगी और सरसंघचालक का मुख्य उद्बोधन होगा। शाम को सरसंघचालक डॉ भागवत महाकाल परिसर, अरविंद नगर में उज्जैन महानगर के स्वयंसेवकों को भी संबोधित करेंगे।

सरसंघचालक डॉ भागवत 18 सितंबर को देवास रोड स्थित गीता भवन में सुबह 11 बजे सेवाज्ञ संस्थानम् द्वारा आयोजित ‘युवा धर्म संसद’ में शामिल होंगे। वे यहां युवाओं को संबोधित करेंगे। सेवाज्ञ संस्थानम् का मध्य प्रदेश में पहला कार्यक्रम है, इससे पहले भी तीन चार कार्यक्रम अलग अलग शहरों में हो चुके है। सरसंघचालक डॉ भागवत से संवाद करने के लिए करीब दो माह पहले विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। इसमें देश भर के कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र छात्राएं शामिल होंगे।

सेवाज्ञ संस्थानम् के राष्ट्रीय सचिव माधव कुमार ने बताया कि उज्जैन में देवास मार्ग स्थित गीता भवन में आज से तीन दिवसीय युवा धर्म संसद-2026 अवंतिका का आयोजन होने जा रहा है। आयोजन में युवा,विद्यार्थी, शिक्षक और विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत प्रतिभागी शामिल होंगे।

आयोजन का उद्देश्य युवाओं को धर्म, भारतीय संस्कृति, ज्ञान-परंपरा, जीवन-दृष्टि, चरित्र निर्माण एवं राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व से जोडऩा है। औपचारिक शुभारंभ 18 सितम्बर को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत करेंगे। इस अवसर पर वे प्रतिभागी युवाओं को संबोधित करेंगे। इसी प्रकार आयोजन में युवाओं के समक्ष भारतीय संस्कृति, धर्म, ज्ञान-परंपरा और समकालीन जीवन से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यापक विमर्श एवं संवाद आयोजित किए जाएंगे। देश के विभिन्न क्षेत्रों से संत-महात्मा, विद्वान, शिक्षाविद, चिंतक, साहित्यकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रतिष्ठित विशेषज्ञ युवाओं के साथ संवाद करेंगे।