Haryana

फरीदाबाद : हत्या केस में बंद बाल सुधार गृह से तीन बंदी भागे

फरीदाबाद, 04 अक्टूबर । फरीदाबाद के एन.एच.-5 स्थित बाल सुधार गृह से करीब 17 साल उम्र के तीन नाबालिग फरार हो गए। तीनों अलग-अलग हत्या के मामलों में बंद थे। तीनों ने बाथरूम की पुरानी खिडक़ी को हाथ से उखाड़ा और उससे बाहर निकल गए। खिडक़ी के नीचे बनी नर्सरी में लटककर नीचे कूदे और वहां से फरार हो गए। इनमें से दो बंदी वर्ष 2024 से यहां बंद थे, जबकि तीसरा साल 2025 से बाल सुधार गृह में आया था। बताया जा रहा है कि जिस समय तीनों ने बाल सुधार गृह से निकलने की कोशिश की, उस दौरान सुरक्षा कर्मी वहां मौजूद नहीं थे। सुरक्षा कर्मचारी किसी दूसरे स्थान पर गए हुए थे। इसी दौरान तीनों ने मौके का फायदा उठाया और खिडक़ी उखाडक़र बाहर निकल गए। घटना के बाद बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें तीनों की तलाश कर रही हैं। तीनों नाबालिग अलग-अलग हत्या के मामलों में बाल सुधार गृह में रखे गए थे। तीनों की उम्र करीब 17 साल बताई जा रही है। तीनों को संबंधित मामलों में बाल सुधार के लिए विभाग के अधीन रखा गया था। फरार होने के बाद अब पुलिस उनके संभावित ठिकानों और संपर्कों की जानकारी जुटाकर तलाश कर रही है। फरार नाबालिगों में एक गुरुग्राम, दूसरा नूंह और तीसरा हिसार जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाश शुरू कर दी। क्राइम ब्रांच की टीमें भी संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। एनआईटी थाना प्रभारी महावीर ने बताया कि बाल सुधार गृह की तरफ से शिकायत मिली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए तीनों की गतिविधियों और उनके भागने की दिशा का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि खिडक़ी इतनी आसानी से कैसे उखड़ी और घटना के समय सुरक्षा कर्मी वहां क्यों मौजूद नहीं थे। फिलहाल पुलिस का फोकस तीनों नाबालिगों को तलाशने पर है।