Rajasthan

गौ अधिकार हुंकार रैली 9 अक्टूबर को जयपुर में

जयपुर, 07 अक्टूबर । राजस्थान गाे सेवा समिति के बैनर तले प्रदेश की गाेशालाओं की आर्थिक-प्रशासनिक समस्याओं और गोवंश संरक्षण को लेकर 9 अक्टूबर को राजधानी जयपुर में टोंक रोड स्थित श्री पिंजरापोल गौशाला में विशाल ‘गाे अधिकार हुंकार रैली’ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं और बुधवार को रैली स्थल पर विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ।

राजस्थान गाे सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष महंत गोविंदराम शास्त्री और प्रदेश महामंत्री बी.पी. क्याल ने बताया कि संत समाज के मार्गदर्शन में आयोजित इस रैली में प्रदेशभर की प्रमुख गाेशालाओं के करीब 50 हजार प्रतिनिधि, गोपालक, संत-महात्मा और गोभक्त जुटेंगे।

बी.पी. क्याल और महंत गोविन्दराम शास्त्री ने बताया कि समिति की प्रमुख मांग गाेशालाओं को मिलने वाली सहायता राशि को वर्तमान नौ माह से बढ़ाकर पूरे 12 माह करने की है। चारे की बढ़ती कीमतों के कारण गाेशालाओं पर आर्थिक भार बढ़ गया है। साथ ही सहायता राशि के समय पर भुगतान की मांग भी रखी गई है, ताकि गाेशालाएं समय पर स्थानीय स्तर पर चारा खरीद सकें। उन्होंने कहा कि 46 गाेशालाओं से संबंधित अंकेक्षण में जारी रिकवरी आदेशों को समाप्त करने, अकाल प्रभावित क्षेत्रों में पशु शिविर और चारा डिपो शुरू करने तथा पात्र गाेशालाओं को भूमि आवंटित करने की मांग भी रैली में उठाई जाएगी।

प्रदेश की गोचर भूमि का सीमांकन कर अतिक्रमण मुक्त कराने, संरक्षण के लिए तारबंदी और ट्रेंच खुदाई कराने तथा घास-चारा उत्पादन, वृक्षारोपण और जल संरक्षण की दीर्घकालीन योजना को भी सरकार के समक्ष रखा जाएगा। रैली को प्रदेशभर की गौशालाओं की सामूहिक आवाज के रूप में आयोजित करने का प्रयास किया जा रहा है। समिति के पदाधिकारियों की अलग-अलग टोलियों ने बुधवार को विभिन्न जिलों में गौशालाओं में बैठक की।

गाेशालाओं की समस्याओं को लेकर समिति की ओर से पहले गोपालन विभाग के अधिकारियों और गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत से भेंट कर ज्ञापन जा चुके हैं। मुख्यमंत्री से भी समस्याओं के समाधान का आग्रह किया गया था। इसके बाद 15 सितंबर को अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा को भी ज्ञापन सौंपा गया। इसके बावजूद समस्याओं के समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण अब ‘गाे अधिकार हुंकार रैली’ आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।