बुजुर्ग की मौत के मामले में रहीश कोल गिरफ्तार
मीरजापुर, 11 अक्टूबर । संतनगर थाना क्षेत्र के करौदा गांव में भूत-प्रेत और झाड़-फूंक को लेकर हुए विवाद में बुजुर्ग जवाहिर कोल की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपित रहीश कोल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक डंडा भी बरामद किया है। आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक के पुत्र नन्हे कोल ने 10 अक्टूबर को संतनगर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि भूत-प्रेत और झाड़-फूंक की बात को लेकर हुए विवाद में उनके पिता के साथ मारपीट की गई थी। गंभीर रूप से घायल जवाहिर कोल की इलाज के दौरान मौत हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने रहीश कोल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में आरोपित की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक रमेश प्रसाद के नेतृत्व में संतनगर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रविवार को करौदा निवासी रहीश कोल पुत्र अवधू कोल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपित के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एक डंडा बरामद हुआ है। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद संतनगर पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपित को न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में संतनगर थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश प्रसाद और पुलिस टीम के सदस्य शामिल रहे।


