शारदीय नवरात्रि के चौथे दिन माता बालासुंदरी दरबार में भक्तों का तांता, 11 हजार श्रद्धालुओं ने टेका माथा
नाहन, 14 अक्टूबर । उत्तर भारत की प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री महामाया बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में आश्विन शारदीय नवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। मेले के चौथे दिन आज लगभग 11,000 श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाया। मंदिर न्यास से प्राप्त जानकारी के अनुसार चौथे नवरात्र पर श्रद्धालुओं ने ₹ 7,82,760/- रुपये का नकद चढ़ावा माता के चरणों में अर्पित किया।
इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं द्वारा 4 ग्राम 400 मिलीग्राम सोना तथा 5410 ग्राम चांदी का चढ़ावा भी माता को चढ़ाया गया।
गौरतलब है कि सिरमौर जिला के नाहन के समीप स्थित इस सिद्धपीठ में नवरात्रों के दौरान हिमाचल सहित हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड व यूपी से हजारों श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंचते हैं।


