Himachal Pradesh

मंडी में 24 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत विवाह अनुदान

मंडी जिले में इस योजना के तहत अब तक 24 पात्र लाभार्थियों को दो लाख रुपए की विवाह अनुदान सहायता दी जा चुकी है। इसमें 70 प्रतिशत राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में जमा की जाती है, जबकि शेष 30 प्रतिशत पांच वर्षों के लिए सावधि जमा के रूप में दी जाती है। यह सहायता न केवल आर्थिक मदद है, बल्कि एक भावनात्मक सहारा भी है, जो इन युवाओं को आत्मनिर्भरता और गरिमा के साथ जीवन जीने का अवसर देती है।

पधर उपमंडल के पुंदल गांव निवासी नवीन कुमार और करसोग उपमंडल की भनेरा गांव निवासी पूनम शर्मा इस योजना के लाभार्थी हैं। दोनों ने मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत प्राप्त सहायता को अपने जीवन का नया अध्याय बताया। नवीन ने सरकार को माता-पिता जैसा सहारा बताया, वहीं पूनम की मुस्कान और आत्मविश्वास इस योजना की सफलता का प्रमाण है।

उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि जिले में योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है और सभी पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध लाभ प्रदान किए जा रहे हैं। यह योजना न केवल आर्थिक रूप से, बल्कि सामाजिक और भावनात्मक रूप से भी युवाओं को सशक्त बना रही है।