MP

रीवा में दो समुदायों में हुई हिंसक झड़प में 5 घायल, इलाके में पुलिस बल तैनात

थाना प्रभारी श्रृंगेश राजपूत ने बताया कि विवाद की शुरूआत बाइक टच होने को लेकर हुई। पुलिस के अनुसार, करण बंसल बाइक से जा रहे थे। रानी तालाब के पास उनकी बाइक दूसरी बाइक से टच हो गई। इस पर नशे में धुत सोहेल, किशन और अमर ने उन पर हमला कर दिया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग सड़क पर आ गए और एक-दूसरे पर पत्थर और शराब की बोतलें फेंकने लगे। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो उपद्रवियों ने उस पर भी हमला कर दिया। हालात बेकाबू होते देख पूरी बस्ती को पुलिस छावनी में बदल दिया गया। पुलिस के अनुसार विवाद में 4-5 लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी राजीव पाठक के नेतृत्व में बिछिया, कोतवाली, सामान और सिविल लाइन थानों का भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया।

सीएसपी राजीव पाठक ने बताया कि दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। एक पक्ष थाने में शिकायत के लिए आया था, उसी दौरान बस्ती में पत्थरबाजी शुरू हो गई। भारी पुलिस बल के साथ पहुंचकर स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। अब माहौल शांत है, लेकिन पुलिस बल की तैनात, टीम हालत पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल स्थिति को देखते हुए चार थाना प्रभारी, सीएसपी और महिला पुलिस सहित 70 से अधिक पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया है। मामला करण बंसल की शिकायत पर दर्ज किया गया है, जिसमें सोहेल, किशन और अमर को आरोपित बनाया गया है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। तीन घायलों को अस्पताल भेजा गया है।