बरेली को जल्द मिलेगा मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, मुफ्त इलाज की मिलेगी सुविधा : ब्रजेश पाठक
उपमुख्यमंत्री ने अपने संबाेधन में उपस्थित जनसमूह से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं के लिए ऐतिहासिक काम किए हैं और आज युवा राजनीति व राष्ट्रनिर्माण में आगे आ रहे हैं। उन्हाेंने भाजपा युवा मोर्चा की सहभागिता से नमो युवा रन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नाैजवानाें और बरेली वासियाें के शामिल हाेने पर सराहना की।
ब्रजेश पाठक ने इस दाैरान स्वास्थ्य सेवाओं काे लेकर किए जा रहे सरकार के प्रयासाें काे गिनाया। उन्हाेंने कहा कि यहां तीन सौ बेड का तैयार अस्पताल अब उच्चीकृत किया जाएगा। इसकी फाइल प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही शहरवासियों को यहां अत्याधुनिक और नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता आमजन को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए प्रदेश में “वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज” योजना के तहत तेजी से काम हो रहा है। हाल ही में अमेठी में नया मेडिकल कॉलेज शुरू किया गया है, जबकि कई जिलों में नए अस्पताल खोले जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बरेली के मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में आधुनिक मशीनें और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को यहां नि:शुल्क इलाज मिलेगा। मरीजों को आयुष्मान भारत योजना और मुख्यमंत्री जनआरोग्य योजना का लाभ भी दिया जाएगा।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर तेजी से बदल रही है। रिकॉर्ड संख्या में मेडिकल कॉलेज खुल रहे हैं और जिला अस्पतालों को आधुनिक उपकरणों से लैस किया जा रहा है। उन्होंने कहा की भाजपा सरकार का संकल्प है कि यूपी का हर नागरिक बेहतर इलाज पा सके।————-

