Uttarakhand

कुमाऊं विश्वविद्यालय में दिया जाएगा डॉ. लीलाधर भट्ट स्मृति पुरस्कार

डीएसबी परिसर के वाणिज्य विभाग के पूर्व छात्र तथा वर्तमान में एलारा कैपिटल्स लंदन के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी राज भट्ट ने अपने स्वर्गीय पिता स्वर्गीय डॉ. लीलाधर भट्ट की स्मृति में यह पुरस्कार आरंभ करने की पहल की है। समझौते के अनुसार प्रत्येक वर्ष विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बीकॉम में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 50 हजार रुपये तथा बीए (इतिहास विषय) में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 25 हजार रुपये की धनराशि “डॉ. एलआर भट्ट स्मृति पुरस्कार” के रूप में प्रदान की जायेगी।

समझौता ज्ञापन पर विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव डॉ. एमएस मंद्रवाल तथा समिति की ओर से राकेश जोशी ने हस्ताक्षर किये। कुलपति प्रो. डीएस रावत ने राज भट्ट के इस योगदान की सराहना करते हुए इसे समाज व शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया तथा उन्हें साधुवाद दिया।

वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. अतुल जोशी और इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. सावित्री कैड़ा ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करेगी और उन्हें श्रेष्ठता के लिए प्रेरित करेगी। प्रो. अतुल जोशी ने विद्यार्थियों से राज भट्ट के अनुभवों से प्रेरणा लेकर चार्टर्ड अकाउंटेंसी जैसे व्यवसायिक पाठ्यक्रम अपनाने का आह्वान किया। समझौता ज्ञापन के अवसर पर प्रो. अतुल जोशी, नवीन चंद्र पनेरू, अंकिता पंत और दीक्षा जोशी सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे।