Uttarakhand

सफाई मित्र समाज के सच्चे नायक हैं: साध्वी भगवती सरस्वती

बुधवार को परमार्थ निकेतन एवं ग्लोबल इंटरफेथ वॉश एलायंस की ओर से यूनिसेफ इंडिया, हरिजन सेवक संघ एवं डिवाइन शक्ति‍ फाउंडेशन के सहयोग से विश्व शौचालय दिवस और विश्व बाल दिवस के अवसर पर बुधवार को परमार्थ निकेतन में सामूहिक भावना के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 500 से अधिक विद्यालयी बच्चों, शिक्षकों, आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सफाई मित्रों, समुदाय प्रतिनिधियों और सहयोगी संस्थाओं ने सहभाग किया।

इस अवसर पर डिवाइन शक्ति फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं जीवा की अन्तरराष्ट्रीय महासचिव साध्वी भगवती सरस्वती ने अपने संदेश के माध्यम से सभी को स्वच्छता, पोषण, सम्मान और बाल-अधिकारों के प्रति जागरूक एवं सक्रिय रहने का संकल्प कराया। उन्होंने कहा कि आज का यह उत्सव हमें याद दिलाता है कि स्वच्छ भारत केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामूहिक संकल्प और सतत प्रयासों का जीवंत आंदोलन है।

जीवा की परियोजना निदेशक गंगा नंदिनी ने कहा कि यह उत्सव बच्चों में स्वच्छता एवं पोषण की जागरूकता बढ़ाने, सफाई मित्रों के प्रति सम्मान को सुदृढ़ करने और समुदाय में स्वच्छ भारत के मूल्यों को और अधिक जीवंत बनाने का एक महत्त्वपूर्ण प्रयास है।

इस मौके पर मां गंगा के तट पर एक अभिनव “टॉयलेट वॉक” शैक्षणिक प्रदर्शनी भी स्थापित की गई, जिसमें बच्चों को विभिन्न प्रकार के शौचालय मॉडल, स्वच्छता तकनीक और पोषण के महत्व को रोचक और सरल तरीके से समझाया गया। सफाई मित्रों, जो समाज के स्वच्छता प्रहरी हैं उनके लिए एक विशेष वेलनेस कैंप आयोजित किया गया। इस कैंप में योग, ध्यान, प्राणायाम, मर्म चिकित्सा, आयुर्वेदिक फुट मसाज, स्वास्थ्य, स्त्रीरोग चिकित्सा एवं दंत परीक्षण, व्यक्तिगत स्वच्छता जागरूकता सत्र आयोजित किए गए और गरिमा किट वितरित किये गये। इस पहल का उद्देश्य सफाई मित्रों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना तथा समाज में उनके अपार योगदान का सम्मान करना है।

बच्चों के लिए आयोजित सत्रों में जागरूकता रैली, रचनात्मक गतिविधियां, स्वच्छता एवं पोषण पर क्विज, नाटिका प्रस्तुतियां, सामूहिक स्वच्छता संकल्प और प्रेरणादायी संवादों व झाकियों के माध्यम से उन्हें स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चे पूरे कार्यक्रम के दौरान अत्यंत उत्साहित और सक्रिय दिखाई दिए।

इस मौके पर विद्यार्थियों ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता रैली भी निकाली।