Himachal Pradesh

शिमला से लापता युवक दो महीने बाद मनाली में सकुशल मिला

शिमला, 19 अप्रैल । जिला शिमला के पुलिस थाना ज्यूरी की टीम ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार की गई तलाश के जरिए करीब दो महीने से लापता चल रहे एक युवक को मनाली क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार युवक अपने घर से बिना बताए कहीं चला गया था, जिसकी तलाश लगातार जारी थी।

पुलिस को 15 फरवरी को राजेन्द्र सिंह निवासी तहसील रामपुर, जिला शिमला ने पुलिस चौकी ज्यूरी में सूचना दी थी कि उनका 27 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार 13 फरवरी से लापता है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी थी।

पुलिस ने युवक की तलाश के लिए तकनीकी और पारंपरिक दोनों तरह के तरीकों का इस्तेमाल किया। जांच के दौरान युवक के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल रिकॉर्ड (आईपीडीआर) और जीमेल से जुड़ी जानकारी का विश्लेषण किया गया। इसके आधार पर उसकी गतिविधियों और संभावित लोकेशन का पता लगाया गया। जांच में सामने आया कि युवक को रामपुर, आईएसबीटी शिमला और अन्य कुछ स्थानों पर देखा गया था।

इसके बाद पुलिस टीमों ने रामपुर, शिमला, सोलन और चंडीगढ़ के अलग-अलग स्थानों और बस अड्डों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संभावित स्थानों पर लगातार तलाश जारी रखी। आगे की जांच में युवक की आईडी से जुड़े एक नए मोबाइल नंबर का पता चला। इस नंबर के विश्लेषण से जानकारी मिली कि युवक मनाली क्षेत्र में मौजूद है।

सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम को मनाली भेजा गया। पुलिस टीम ने 17 अप्रैल को मनाली के अलेऊ क्षेत्र में नग्गर सड़क के पास स्थित एक होटल से प्रदीप कुमार को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार युवक अपने घर से बिना बताए चला गया था। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के करीब दो महीने के भीतर पुलिस ने उसे सुरक्षित ढूंढ निकाला।