बीकानेर–मुंबई और बीकानेर–सूरत उड़ानें शुरू कराने की मांग
बीकानेर, 03 जून । बीकानेर जिला उद्योग संघ ने क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान 5.0 के तहत आवंटित बीकानेर–सूरत और बीकानेर–मुंबई हवाई सेवाओं को शीघ्र शुरू कराने की मांग उठाई है। इस संबंध में संघ पदाधिकारियों ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू तथा केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को ज्ञापन भेजा है।
जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया, उपाध्यक्ष नरेश मित्तल एवं अशोक सुराणा, सचिव वीरेंद्र किराडू, कोषाध्यक्ष पारस डागा तथा सह सचिव श्यामसुन्दर सोनी द्वारा भेजे गए ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान 5.0 के तहत बीकानेर–सूरत तथा बीकानेर–मुंबई मार्ग स्पाइसजेट को आवंटित किए गए थे। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा 25 जुलाई 2023 को जारी लेटर ऑफ अवार्ड के अनुसार सूरत–बीकानेर मार्ग रूट संख्या-51 के रूप में स्वीकृत है, लेकिन लगभग तीन वर्ष बीत जाने के बावजूद इन मार्गों पर अब तक हवाई सेवाएं शुरू नहीं हो सकी हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि बीकानेर संभाग लंबे समय से अपनी जनसंख्या, व्यापारिक गतिविधियों, पर्यटन महत्व और भौगोलिक स्थिति के अनुरूप हवाई संपर्क सुविधाओं से वंचित रहा है। ऐसे में इन महत्वपूर्ण मार्गों पर उड़ान सेवाएं प्रारंभ नहीं होना क्षेत्र की आवश्यकताओं और जन अपेक्षाओं के विपरीत है।
उद्योग संघ ने विशेष रूप से बीकानेर–मुंबई मार्ग को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मुंबई देश की आर्थिक राजधानी होने के साथ-साथ व्यापार, चिकित्सा, शिक्षा और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी का प्रमुख केंद्र है। इस मार्ग के शुरू होने से क्षेत्र के व्यापारियों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इसी प्रकार बीकानेर–सूरत मार्ग को भी व्यापार, पर्यटन, चिकित्सा सेवाओं और पारिवारिक आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा गया कि इस रूट पर पर्याप्त यात्री मांग उपलब्ध है। संघ ने मांग की कि यदि स्पाइसजेट इन मार्गों पर सेवाएं शुरू करने में असमर्थ है तो इन्हें किसी अन्य एयरलाइन को आवंटित किया जाए, ताकि बीकानेर क्षेत्र के लोगों को बहुप्रतीक्षित हवाई संपर्क सुविधा का लाभ मिल सके।

