Delhi

मोदी सरकार ने बारह वर्षों में सुरक्षा और विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव किया : सीआर पाटिल

नई दिल्ली, 30 जून । केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने हूल दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने सुरक्षा, आधारभूत ढांचे, जल संरक्षण और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव देखा है। मोदी सरकार ने सबसे पहले आतंकवाद और नक्सलवाद के डर को समाप्त कर देशवासियों में सुरक्षा और आत्मविश्वास का माहौल बनाया।

हूल दिवस के अवसर पर माय होम इंडिया द्वारा आयोजित ‘‘12 साल मोदी सरकार : विकसित भारत का अमृतकाल’’ कार्यक्रम में पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई। इससे देश में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई और मुख्यधारा में लौटने के इच्छुक लोगों के लिए बेहतर वातावरण तैयार हुआ।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में देश में 74 हवाई अड्डे थे, जिनकी संख्या बढ़कर 174 हो गई है। रेल, सड़क और हवाई संपर्क के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विस्तार हुआ है। वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों ने यात्रा को तेज और सुविधाजनक बनाया है। देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना भी तेजी से आगे बढ़ रही है।

जल संरक्षण पर जोर देते हुए पाटिल ने कहा कि भूजल का अत्यधिक दोहन चिंता का विषय है। उन्होंने लोगों से जल संचय को जन आंदोलन बनाने की अपील की। मध्य प्रदेश में नदी जोड़ो परियोजनाओं पर लगभग 44 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जबकि पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना से राजस्थान को बड़े पैमाने पर पानी मिलेगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गरीब कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। यह दुनिया की सबसे बड़ी खाद्यान्न वितरण योजनाओं में से एक है।

कार्यक्रम में भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि 30 जून भारतीय चेतना और स्वाभिमान का प्रतीक दिन है, जब संथाल समुदाय ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ विद्रोह का बिगुल फूंका था। मोदी सरकार के 12 वर्षों में भारत ने स्वच्छता, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने ‘कैच द रेन’ अभियान, 11 करोड़ से अधिक शौचालयों के निर्माण, चंद्रयान मिशन और वैक्सीन मैत्री पहल का भी उल्लेख किया।

माय होम इंडिया के संस्थापक सुनील देवधर ने कहा कि 1855 का संथाल विद्रोह स्वतंत्रता संग्राम का महत्वपूर्ण अध्याय था, जिसमें हजारों संथालों ने बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि माय होम इंडिया पिछले पांच वर्षों से देशभर में हूल दिवस का आयोजन कर इस इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा सहित भाजपा के विभिन्न प्रदेश और जिला स्तर के कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।