पानीपत: बाजार से सामान लेने गई नाबालिग लड़की लापता
पानीपत, 20 जून । पानीपत के असंध पुल के नीचे बनी मार्किट से दोपहर के समय घर का सामान लेने गई एक 13 साल की नाबालिग बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों ने अपने स्तर पर बच्ची की हर संभावित जगह और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। थक-हारकर बच्ची के पिता ने थाना शहर में शिकायत देकर अपनी बेटी के अपहरण की आशंका जताई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित परिवार पानीपत की बिशन स्वरूप कॉलोनी में किराए पर रह रहा है। पीड़ित पिता ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर को उनकी 13 साल की छोटी बेटी घर से कुछ घरेलू सामान खरीदने के लिए पास ही स्थित असंध पुल के नीचे बाजार गई थी। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी वह घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोगों ने आसपास की दुकानों, मोहल्ले और जान-पहचान वाले लोगों के पास जाकर पूरी खोजबीन की। काफी तलाश के बाद भी जब बेटी का कहीं कोई अता-पता नहीं चला, तो परिवार ने अब पुलिस की सहायता ली है। थाना शहर पानीपत पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर गुमशुदगी और अपहरण की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। असंध पुल और बिशन स्वरूप कॉलोनी के आसपास के मुख्य रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।

