इंदौर में ट्रक और ट्रैवल्स बस की आमने-सामने भिड़ंत, 4 घायल, बस चालक पर नशे में होने का आरोप
इंदौर, 24 जुलाई । मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के लसूडिया थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एबी रोड पर एक निजी ट्रैवल्स बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक, कंडक्टर, क्लीनर और ट्रक चालक सहित चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना लसूडिया थाने के सामने एबी रोड पर हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बालाजी ट्रैवल्स की बस डिवाइडर के कट से यू-टर्न लेने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बस में फंसे चालक और कर्मचारियों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि बस चालक नशे की हालत में था और उसने अचानक डिवाइडर के कट से बस मोड़ दी, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस दावे की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक होने पर चालक का मेडिकल परीक्षण सहित सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।
एक घंटे तक प्रभावित रहा यातायात
दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त बस सड़क पर ही खड़ी रहने से एबी रोड पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की मदद से बस को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी है।

