Haryana

फतेहाबाद के गांवों में बकाया मुआवजे व बीमा क्लेम की मांग पर किसानों ने किया प्रदर्शन

फतेहाबाद, 02 जुलाई । अपनी फसलों के लंबे समय से बकाया बीमा क्लेम और जलभराव के कारण हुए भारी नुकसान के उचित मुआवजे की मांग को लेकर गुरूवार को फतेहाबाद, भूना और भट्टू कलां के किसानों ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर रोष प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन की अध्यक्षता किसान नेता राजेन्द्र प्रसाद बाटू ने की तथा संचालन सुभाष चन्द्र भादू ने किया। मुख्य वक्ता के तौर पर किसान सभा के जिला प्रधान विष्णुदत्त शर्मा, रामस्वरूप ढाणी गोपाल, मा. हनुमान सिंह व पवन भूथन ने भाग लिया। प्रदर्शन के बाद किसानों ने डीसी को मांग पत्र सौंपकर बकाया बीमा क्लेम और जलभराव का मुआवजा तुरंत प्रभाव से जारी करने की मांग की है। डीसी ने किसानों को जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।

प्रदर्शनकारी किसानों को संबोधित करते हुए जिला प्रधान विष्णुदत्त शर्मा ने बीमा कंपनियों और प्रशासनिक रवैए पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि बीमा कंपनियों द्वारा फतेहाबाद तहसील, भूना और भट्टू कलां इलाके के करीब 25 गांवों के किसानों की लाखों एकड़ जलमग्न भूमि का करोड़ों रुपया प्रीमियम के नाम पर खातों से जबरन काट लिया गया। लेकिन जब किसानों को राहत देने का समय आया, तो वर्ष 2023, 2024 और 2025 का नाममात्र का क्लेम व जलभराव का मुआवजा घोषित किया गया, जो ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। उपायुक्त को सौंपे गए मांग पत्र में किसानों ने आरोप लगाया कि एक सुनियोजित साजिश के तहत क्षेत्र के बहुत बड़े हिस्से को सरकारी रिपोर्ट में महज 0 से 25 प्रतिशत तक का खराबा (नुकसान) दिखाकर क्लेम व उचित मुआवजे की पात्रता से पूरी तरह वंचित कर दिया गया है। किसानों ने कहा कि जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है, जहां खेतों में कई महीनों तक पानी जमा रहने के कारण फसलें पूरी तरह सड़ चुकी थीं। भूना और भट्टू कलां इलाके के अंतर्गत आने वाले गांव भूथन, कुम्हारिया, बड़ोपल, धांगड़, चिन्दड़, खाराखेड़ी, भोड़ा, ढाण्ड, किरढान, शेखुपुर दड़ोली, खाबड़ा कलां, ढाबी कलां, ढाबी खुर्द, जाण्डवाला, दैयड़, ठुईयां, पीलीमन्दोरी, मेहूवाला, बनगांव आदि गांवों में जलभराव से भारी तबाही हुई थी। कई जगह तो नुकसान का आंकड़ा 80 से 90 प्रतिशत और कुछ स्थानों पर शत-प्रतिशत था। किसान सभा की जिला कमेटी फतेहाबाद तथा तहसील कमेटी भूना, फतेहाबाद व भट्टू कलां के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से उपायुक्त से मांग की है कि इस फर्जी खराबा रिपोर्ट को तुरंत दुरुस्त कर किसानों का वास्तविक बकाया बीमा क्लेम और जलभराव का मुआवजा तुरंत प्रभाव से जारी किया जाए। किसानों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन और सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द ही सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एक अनिर्णायक और उग्र आंदोलन शुरू करने पर मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन की होगी।