Himachal Pradesh

कारगिल विजय दिवस पर नाहन में शहीदों को दी जाएगी श्रद्धांजलि, वीर परिवारों का होगा सम्मान

नाहन, 25 जुलाई । कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ के अवसर पर 26 जुलाई को जिला मुख्यालय नाहन में शहीदों की स्मृति में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ उनके परिजनों को भी सम्मानित किया जाएगा।

उप निदेशक सैनिक कल्याण बोर्ड सिरमौर, मेजर दीपक धवन ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ नाहन स्थित शहीद स्मारक पर रीथिंग सेरेमनी से होगा, जिसमें पुलिस विभाग के जवान शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद वीर सपूतों को नमन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अगले चरण में उपायुक्त सभागार में शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही जिले के भूतपूर्व सैनिकों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और विचारों पर चर्चा भी की जाएगी।

मेजर दीपक धवन ने कहा कि कारगिल युद्ध विश्व के सबसे कठिन और चुनौतीपूर्ण युद्धों में से एक था। 26 जुलाई 1999 को भारतीय सेना ने अदम्य साहस, वीरता और बलिदान का परिचय देते हुए पाकिस्तानी घुसपैठियों को कारगिल की चोटियों से खदेड़कर ऐतिहासिक विजय प्राप्त की थी। इसी गौरवपूर्ण जीत की स्मृति में हर वर्ष 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है।

उन्होंने बताया कि इस युद्ध में सिरमौर जिले के दो वीर सपूत शहीद कुलविंदर और शहीद कल्याण सिंह ने भी मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनका त्याग और शौर्य हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।