MP

तीन मौसमी सिस्टम से मध्य प्रदेश तरबतर, 60 घंटे से जारी बारिश, 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

भोपाल, 23 जुलाई । मध्य प्रदेश में तीन मजबूत मौसमी सिस्टम सक्रिय होने के कारण पिछले 60 घंटे से लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। राज्य के 40 से अधिक जिले बारिश से प्रभावित हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए इंदौर और उज्जैन सहित 17 जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई क्षेत्रों में सड़क संपर्क भी प्रभावित हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के ऊपर मानसून ट्रफ, ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) और पूर्व-पश्चिम शियर जोन एक साथ सक्रिय हैं। मौसम वैज्ञानिक शैलेंद्र कुमार नायक ने बताया कि इन सिस्टम की वजह से बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से लगातार नमी मिल रही है, जिससे कई इलाकों में कम समय में तेज बारिश दर्ज की जा रही है।

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

गुरुवार के लिए आलीराजपुर, धार, बड़वानी और खरगोन में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं नीमच, रतलाम, उज्जैन, इंदौर, सीहोर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, उमरिया, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा भोपाल, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, झाबुआ, बुरहानपुर, खंडवा, मंदसौर, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, डिंडौरी, सतना, मैहर, शहडोल, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी रुक-रुककर तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।

कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित

टीकमगढ़ में गुरुवार सुबह से ही बारिश का दौर जारी है। पिछले चार दिनों से हो रही रुक-रुककर बारिश के चलते मौसम सुहावना बना हुआ है। जिले में अब तक औसतन 11.2 इंच वर्षा दर्ज की जा चुकी है। वहीं बड़वानी जिले के सेंधवा में भी लगातार रिमझिम बारिश हो रही है। ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है। मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे के बिजासन घाट में लगातार तीसरे दिन घना कोहरा छाया रहा, जिससे वाहन चालकों को दिन के समय भी हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा।

राजधानी भोपाल में भी जारी बारिश

भोपाल में मंगलवार रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला अब भी जारी है। रुक-रुककर हो रही वर्षा से मौसम ठंडा हो गया है और शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है।