सागर: एनएच-44 पर फिर हादसा…. बम्होरी बीका में हाइवा-कंटेनर के बीच हुई जोरदार टक्कर
सागर, 13 जुलाई । मध्य प्रदेश के सागर जिले में नेशनल हाईवे 44 पर फिर बड़ा हादसा हो गया। रविवार देर रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बम्होरी बीका में एक हाइवा और कंटेनर के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाइवा का अगला हिस्सा (केबिन) पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसका चालक उसी में बुरी तरह फंस गया।
हादसे के तुरंत बाद बम्होरी बीका के स्थानीय निवासी और राहगीर मदद के लिए पहुंचे, लेकिन केबिन इस कदर पिचक चुका था कि चालक को सामान्य रूप से बाहर निकालना नामुमकिन था। ऐसे में एक स्थानीय ग्रामीण ने सूझबूझ दिखाते हुए अपने ट्रैक्टर को बुलाया। क्षतिग्रस्त केबिन को मजबूत रस्सी से ट्रैक्टर के जरिए खींचा गया और काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को बाहर निकाला जा सका। ग्रामीणों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल चालक को सागर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इस हादसे के चलते हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति भी निर्मित हुई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले कुछ समय में इसी जगह पर यह सातवीं दुर्घटना है। ग्रामीणों का आरोप है कि यहाँ चल रहा ओवरब्रिज का निर्माण कार्य ही हादसों का मुख्य कारण बनता जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माणाधीन ओवरब्रिज से नीचे उतरते समय एक बड़ा स्पीड ब्रेकर बनाया गया है। नियमतः यहाँ पर्याप्त रिफ्लेक्टर (रात में चमकने वाली पट्टियाँ) और स्पष्ट रोड मार्किंग होनी चाहिए, जो कि गायब हैं। हाईवे पर आ रहे तेज रफ्तार वाहनों को समय रहते सचेत करने के लिए कोई चेतावनी बोर्ड या रिफ्लेक्टर लाइट नहीं लगाई गई है। संकेतक न होने से भारी वाहन अचानक स्पीड ब्रेकर देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगाते हैं, जिससे उनके पीछे आ रहे अन्य वाहन अनियंत्रित होकर टकरा जाते हैं। स्पीड ब्रेकर के ठीक आसपास सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं। जब भारी लोड वाले वाहन इन गड्ढों से गुजरते हैं, तो उनका संतुलन बिगड़ जाता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुआ हाइवा खुद इसी ओवरब्रिज निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाला मटेरियल लेकर जा रहा था। भारी वजन होने के कारण चालक चाहकर भी समय पर ब्रेक नहीं लगा सका और आगे चल रहे कंटेनर से जा भिड़ा, जिसने ब्रेकर पर अपनी गति धीमी की थी।

