UP

चौकी प्रभारी की कार में ट्रक ने मारी टक्कर, बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी

मीरजापुर, 05 जुलाई । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा चौराहे पर रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गैपुरा चौकी प्रभारी सुरेश चंद्र द्विवेदी अपनी निजी कार से मीरजापुर जा रहे थे। उनके साथ सिपाही विपिन कुमार भी मौजूद थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे आलू लदे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक कार को कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस ने ट्रक का पीछा किया और नटवा तिराहे पर ट्रक समेत चालक को पकड़ लिया। हादसे में चौकी प्रभारी सुरेश चंद्र द्विवेदी और सिपाही विपिन कुमार को मामूली चोटें आईं। दोनों सुरक्षित हैं। चौकी प्रभारी ने बताया कि उनकी कार अभी महज सात महीने पुरानी थी।

विंध्याचल थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रक और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।