नाेएडा : विभिन्न सड़क हादसों में पांच की मौत
नोएडा, 04 अगस्त । नोएडा में विभिन्न जगहों पर हुए सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में मंगलवार शाम को हुए एक सड़क हादसे में एक 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम भेजकर आसपास के लोगों और सोशल मीडिया के माध्यम से शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
थाना बादलपुर क्षेत्र में मंगलवार को हुए एक सड़क हादसे में कासगंज निवासी 20 वर्षीय नरेश गंभीर रूप से घायल हो गए। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि थाना बादलपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसी तरह थाना जारचा क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में हापुड़ निवासी 40 वर्षीय अंकुर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में मुजफ्फरनगर निवासी 42 वर्षीय शाहनवाज गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।इसके अलावा थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में हुई एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय ललित कुमार घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर इलाज के दाैरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

