Haryana

गुरुग्राम: समूहगान, फैंसी ड्रेस व भाषण प्रतियोगिता में स्कूली बच्चों ने जीता सबका दिल

गुरुग्राम। सुरुचि परिवार के तत्वावधान में रविवार को रेड रोजेज पब्लिक स्कूल के सभागार में पिछले 29 वर्षों की परंपरा को निभाते हुए देशभक्ति समूहगान, फैंसी ड्रेस एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 20 विद्यालयों के लगभग 220 बच्चों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लू बेल्स स्कूल समूह की निदेशक डॉ. सुमन गुलाटी ने की, जबकि रेड रोजेज स्कूल की निदेशक प्राचार्य ऋतु वेदी स्वागताध्यक्ष के रूप में मौजूद रहीं।

इस दौरान संस्थ के अध्यक्ष डॉ. धनीराम अग्रवाल की पुस्तक आत्म-कथ्य का मंचासीन अतिथियों द्वारा लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन महासचिव मदन साहनी ने किया। अशरफी देवी मूलचंद चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा प्रायोजित और प्रख्यात उद्योगपति शरद गोयल के सौजन्य से पिछले 25 वर्षों से आयोजित हो रही देशभक्ति समूहगान प्रतियोगिता में नगर के 16 विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। सबसे ऊंची विजय पताका लिए हिमालय खड़ा रहेगा, मैं हूं माटी भारत की, निर्माणों के पावन युग में हम चरित्र निर्माण न भूलें जैसे गीतों से पूरा सभागार देशभक्ति के स्वर में गुंजायमान हो उठा। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान एंजिल्स इंटरनेशनल स्कूल, द्वितीय रोटरी पब्लिक स्कूल एवं सीसीए स्कूल (संयुक्त), तृतीय स्थान शारदा इंटरनेशनल एवं लॉर्ड जीसस स्कूल (संयुक्त) ने हासिल किया। रेड रोजेज स्कूल को प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया।

फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में 30 बच्चों ने भाग लिया। बच्चों ने रानी गाइदिन्ल्यू, ऊषा मेहता, तिलका मांझी, कैप्टन लक्ष्मी सहगल, अशफाक, बिस्मिल, लक्ष्मीबाई, उधम सिंह, बिरसा मुंडा, मंगल पांडेय, सावित्रीबाई फुले, छत्रपति शिवाजी जैसे देशभक्तों की वेशभूषा धारण कर सभी का दिल जीत लिया। इसमें प्रथम स्थान शारदा इंटरनेशनल स्कूल, द्वितीय यूरो इंटरनेशनल स्कूल सेक्टर-45, तृतीय स्थान यूरो इंटरनेशनल स्कूल सेक्टर-10 ने हासिल किया। भाषण प्रतियोगिता में 16 विद्यालयों के 32 बच्चों ने प्रतिभागिता की। इस अवसर पर डॉ. अशोक दिवाकर, त्रिलोक शर्मा, डीपी गोयल, शरद गोयल, राजेश दत्त, कुलबीर सिंह मलिक, संगीता सुनेजा, डॉ. लोकेश शर्मा सहित कई गणमान्य लोग और निर्णायक मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।