Haryana

पश्चिमी बंदरगाहों से जुड़ेगा एनसीआर, माल ढुलाई होगी आसान और तेज

चंडीगढ़, 23 अगस्त । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को जिला महेंद्रगढ़ के नांगल चौधरी क्षेत्र में स्थित इंटीग्रेटेड मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक हब (आईएमएलएच) के नवनिर्मित रेल यार्ड से पहली मालगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लगभग 280 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस रेलवे कनेक्टिविटी के शुरू होने से हरियाणा के लॉजिस्टिक्स बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।

इस अवसर मुख्यमंत्री ने पर कहा कि पहले चरण में करीब 408 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रही यह परियोजना कुल 1300 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही है। यह देश की शीर्ष 50 प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में शामिल है। इस परियोजना के पूरी तरह तैयार होने के बाद सालाना लगभग 20 लाख कंटेनरों के प्रबंधन की क्षमता विकसित होगी, जिससे ऑटोमोबाइल, मशीनरी, गारमेंट्स और कृषि उत्पादों जैसे प्रमुख उद्योगों को सीधा फायदा पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नांगल चौधरी का यह हब रेल और सडक़ दोनों संपर्कों को आपस में जोड़ता है, जिससे पश्चिमी बंदरगाहों से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) तक माल की आवाजाही पहले से कहीं अधिक तेज, सुगम और किफायती होगी। उन्होंने कहा कि इस हब के संचालन से पूरे इलाके में रोजगार एवं व्यापार के नए अवसर खुलेंगे। सरकार ने इस पूरे क्षेत्र में बिजली, पानी और सडक़ जैसी मूलभूत सुविधाएं पहले ही पूरी कर दी हैं। मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों और निवेशकों से आह्वान किया कि वे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत आगे आएं और हरियाणा की इस तीव्र औद्योगिक यात्रा में भागीदार बनें। इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम तथा रेल मंत्रालय के उपक्रम डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।