Haryana

जींद : स्वास्थ्य विभाग ने की अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच

जींद, 20 अगस्त । लिंगानुपात के मामले में सुधार को लेकर गुरूवार को स्वास्थ्य विभाग की 13 टीमों ने जिले में चल रहे अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच की और रिकार्ड चेक किया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जींद में अल्ट्रासाऊंड की चेकिंग के लिए डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला और एलएमओ डा. वंदना ने भी तीन अल्ट्रासाऊंड केंद्रों की जांच की। इस दौरान अल्ट्रासाउंड केंद्रों के रिकार्ड से संबंधित जानकारी जुटाई गई। स्वास्थ्य टीमों ने जिले के कई अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना रहा कि कोई भी सेंटर अवैध रूप से भ्रूण लिंग परीक्षण न करे। टीमों ने केंद्रों पर मरीजों के रिकॉड, फॉर्म एफ और अल्ट्रासाउंड मशीनों के कामकाज की बारीकी से जांच की। दो माह पहले भी स्वास्थ्य टीमों ने इसी तरह अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर जांच अभियान चलाया था।

स्वास्थ्य विभाग के आंकडों के अनुसार अप्रैल माह में हरियाणा प्रदेश का लिंगानुपात 898 रहा है। इसके साथ ही जींद जिले का लिंगानुपात 872 रहा है। लिंगानुपात के मामले में जींद जिला 2022 से लेकर 2023 तक पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर रहा था। 2023 में जिले का लिंगानुपात 986 था, जो हरियाणा के 916 औसतन अनुपात से बहुत ज्यादा था। इसके बाद जिले में लिंगानुपात कम होता गया। अप्रैल 2026 में जिले का लिंगानुपात कम होकर 872 तक आ गया था। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है।