UP

दिव्यांगजन रोजगार मेले में 46 अभ्यर्थियों का चयन

प्रयागराज, 10 अगस्त । दिव्यांगजन को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय प्रयागराज और उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को एक दिवसीय दिव्यांगजन रोजगार मेले का आयोजन किया ।

क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में आयोजित मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों ने साक्षात्कार के माध्यम से 46 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। यह जानकारी सहायक निदेशक सेवायोजन प्रयागराज राजीव कुमार यादव ने दी।

उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में कुल 89 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। निजी क्षेत्र की कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता और कौशल के आधार पर साक्षात्कार लिया तथा चयन की प्रक्रिया पूरी की। मेले में बड़ी संख्या में दिव्यांग अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सहायक निदेशक सेवायोजन प्रयागराज राजीव कुमार यादव ने कहा कि दिव्यांगजन को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इस तरह के रोजगार मेले युवाओं को सीधे निजी क्षेत्र की कंपनियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार मिलने से दिव्यांगजन न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगे, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि सेवायोजन कार्यालय और कौशल विकास मिशन के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से अधिक से अधिक दिव्यांग अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में सेवायोजन कार्यालय प्रयागराज एवं उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।