Punjab

चंडीगढ़ सेक्टर-22 में हेड कॉन्स्टेबल की गोली लगने से मौत, बेटे से पूछताछ

चंडीगढ़, 25 सितंबर । सेक्टर-22ए में शुक्रवार सुबह चंडीगढ़ पुलिस के एक हेड कॉन्स्टेबल की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के समय उनकी पत्नी और बेटा घर में मौजूद थे।

पुलिस के अनुसार सुबह करीब 8:50 बजे सेक्टर-22 पुलिस चौकी को घटना की सूचना मिली कि सेक्टर-9 स्थित पुलिस मुख्यालय में तैनात हेड कॉन्स्टेबल नितिन कुमार की घर पर गोली लगने से मौत हो गई है। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया। जांच के दौरान घर की छत से एक देसी पिस्तौल बरामद की गई है, जिसे जांच के लिए कब्जे में लिया गया। नितिन कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-16 स्थित सरकारी मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

पुलिस ने मृतक के बेटे अरमान को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस पारिवारिक विवाद की आशंका को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल गोली चलने की वास्तविक परिस्थितियों और घटना के पीछे के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अरमान का नाम पहले भी एक आपराधिक मामले में सामने आ चुका है। फरवरी की रात कथित तौर पर उसकी थार गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई थी और शुक्रवार की घटना के समय वह उस मामले में जमानत पर बाहर बताया गया है।

पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।