Uttarakhand

शिक्षक संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष समेत कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली

देहरादून, 05 सितंबर । उत्तराखंड शिक्षक संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह चौहान समेत कई शिक्षकों और युवाओं ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि समाज को बांटने वाली शक्तियों का लोकतांत्रिक ढंग से जवाब देने और जनजागरूकता बढ़ाने में शिक्षक एवं बुद्धिजीवी वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि शिक्षक नेताओं ने लंबे समय तक शिक्षकों की समस्याओं को सरकार के सामने उठाया है और उनके पार्टी में शामिल होने से भाजपा को मजबूती मिलेगी तथा राज्य के विकास में भी योगदान मिलेगा।

भट्ट ने नए सदस्यों से युवाओं के बीच पार्टी की विचारधारा और विकास कार्यों को पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश में कुछ शक्तियां समाज को बांटने का प्रयास कर रही हैं और विकास की गति को रोकना चाहती हैं। ऐसे प्रयासों का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाना चाहिए।

टिहरी के विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि शिक्षकों का समाज में व्यापक प्रभाव है और वे बड़ी संख्या में विद्यार्थियों से सीधे जुड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षक पार्टी के संदेश और दृष्टिकोण को समाज तक पहुंचाने में सहयोग करें तो इससे संगठन को मजबूती मिलेगी।

भाजपा में शामिल हुए राम सिंह चौहान ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद देश और समाज में हो रहे विभिन्न घटनाक्रमों ने उन्हें भाजपा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक विद्वेष और युवाओं को राजनीतिक रूप से इस्तेमाल किए जाने की घटनाओं ने उन्हें सक्रिय राजनीति में आने के लिए प्रेरित किया।

चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में हो रहे विकास तथा भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा को देखते हुए उन्होंने पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया।

चौहान के साथ महेंद्र पाल सिंह, धर्मवीर सिंह परमार, शैलेंद्र सिंह नेगी, ज्ञानदीप धवन, जयदीप परमार, अनुराधा सिंह, सोनाली चौहान, अभिषेक, अदिति रावत, बबली नेगी, गीता चौहान, प्रज्ञा, गौरी रावत, शैलेश चौहान, गोपाल, आलोक रावत, परमवीर बिष्ट, उषा रावत, अंकित पांडे, अमन पांडे, शुभम चमोली, शुभम चौहान, ऐश्वर्या राणा, अपूर्व वशिष्ठ, अनमोल शर्मा और हिमांशु सजवान समेत अन्य लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।