Himachal Pradesh

सात दिन में दिल्ली से ढूंढ निकाले दो नाबालिग

ऊना, 22 सितंबर । घर से अचानक लापता हुए दो नाबालिगों को तलाशने में जिला ऊना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सात दिन के भीतर 14 वर्षीय बालिका और 10 वर्षीय बालक को दिल्ली से सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई तकनीकी साक्ष्यों और मानव स्रोतों के आधार पर की गई लगातार जांच से दोनों बच्चों तक पहुंचने में सफलता मिली। पुलिस की इस कार्रवाई से बच्चों के परिजनों ने राहत की सांस ली है।

बता दें कि 14 सितंबर की शाम करीब छह बजे दोनों बच्चे अचानक घर से लापता हो गए थे। इसके बाद 15 सितंबर को परिजनों की ओर से थाना बंगाणा में शिकायत दर्ज करवाई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर बच्चों की तलाश शुरू कर दी।

थाना बंगाणा प्रभारी निरीक्षक रोहित कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानव स्रोतों की मदद से विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार तलाश और सत्यापन किया। जांच के दौरान बच्चों के दिल्ली में होने का पता चला। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए 21 सितंबर को दोनों बच्चों को दिल्ली से सुरक्षित बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को ऊना वापस लाया जा रहा है। जिला पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को बच्चों की सुरक्षा के प्रति उसकी संवेदनशीलता और मुस्तैदी माना जा रहा है। पुलिस विभाग ने गुमशुदा बच्चों और महिलाओं से जुड़े मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने लोगों से अपील की है कि बच्चा लापता होने की स्थिति में बिना किसी देरी के पुलिस को सूचना दें। समय पर दी गई सूचना बच्चे की सुरक्षित बरामदगी में अहम भूमिका निभा सकती है।