इंस्टाग्राम पर नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाकर दुष्कर्म, आरोपित बिजनौर से गिरफ्तार
हरिद्वार, 17 सितंबर । कोतवाली कनखल पुलिस ने इंस्टाग्राम के जरिए नाबालिग को प्रेम जाल में फंसा कर दुष्कर्म करने और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोपित को 24 घंटे के अंदर बिजनौर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार कनखल निवासी महिला ने 16 सितंबर को तहरीर दी कि अजय नाम के युवक ने उसकी नाबालिग बेटी से इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर बातचीत शुरू की। मिलने का दबाव बनाकर वह घर में अकेला पाकर पहुंचा और दुष्कर्म कर फोटो-वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा।
पीड़िता ने परिजनों को जानकारी दी तो थाना कनखल में पोक्सो अधिनियम सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया।
महिला संबंधी अपराध को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी हरिद्वार ने त्वरित गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने रात में ही बिजनौर के ग्राम नारायणवाला, थाना रेहड़ में दबिश देकर 17 सितंबर को आरोपित को दबोच लिया। गिरफ्तार अजय उर्फ गोलू पुत्र बीरेंद्र कुमार निवासी नारायणवाला, थाना रेहड़, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

