जन्मशताब्दी वर्ष की तैयारियों को लेकर बैंकॉक पहुंचे चिन्मय पंड्या
हरिद्वार, 17 सितंबर जन्मशताब्दी वर्ष के वैश्विक आयोजनों को गति देने के लिए अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रतिनिधि एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पंड्या बैंकॉक पहुंचे।
गुरुवार को हरिद्वार स्थित शांतिकुंज मीडिया प्रभाग की ओर से दी गई विज्ञप्ति के अनुसार बैंकॉक पहुंचने पर स्थानीय गायत्री परिवार के परिजनों ने जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक के रूप में उनका भव्य स्वागत किया और तैयारियों व अपनी सहभागिता की जानकारी दी।
अपने प्रवास के दौरान डॉ. पंड्या थाईलैंड में गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं के साथ संगोष्ठी में भाग लेंगे। वे जन्मशताब्दी वर्ष के प्रस्तावित कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियान और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर मार्गदर्शन देंगे।
प्रवास के दौरान क्षेत्रवार संपर्क अभियान, अधिक से अधिक परिवारों को जोड़ने, सामूहिक साधना, सत्संग, दीपयज्ञ, युवा संवाद, महिला जागरण और भारतीय संस्कृति पर आधारित कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा होगी।
विज्ञप्ति के अनुसार माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी वर्ष को भारत सहित विभिन्न देशों में जनजागरण और सामाजिक सहभागिता अभियान के रूप में मनाया जा रहा है। बैंकॉक प्रवास इसी वैश्विक अभियान को संगठित और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

