UP

नोएडा : विभिन्न सड़क हादसों मे चार लोगों की मौत

नोएडा, 09 अक्टूबर । नोएडा में अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों मे चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना ईकोटेक प्रथम के प्रभारी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि मूलरूप से बुलंदशहर निवासी धर्मेंद्र (30) गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी में इलेक्ट्रीशियन थे। गुरुवार की देर रात को वह बाइक से घर जा रहे थे। उनकी बाइक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिसमें उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना सेक्टर 58 के प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि गुरुवार की देर रात को बसंती देवी ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पति धर्मराज भारद्वाज ड्यूटी करने के लिए आठ अक्टूबर को सेक्टर 62 जा रहे थे। इसी दौरान इंडस वैली लाल बत्ती के पास एक अज्ञात वाहन चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दिया। महिला के अनुसार, उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर गुरुवार की रात को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना सेक्टर- 24 के प्रभारी उमेश नैथानी ने बताया कि राजेंद्र सिंह ने शुक्रवार सुबह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह झुंडपुरा गांव सेक्टर 11 में रहते हैं। उनका भाई सोमपाल सिंह भी उनके साथ रहता है। 7 अक्टूबर की देर रात को सेक्टर 11 स्थित कंपनी से काम करके अपने घर लौट रहे थे। तभी एक अज्ञात बोलेरो पिकअप के चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सेक्टर 11 के पास उन्हें टक्कर मार दिया। पीड़ित के अनुसार इस घटना में उनके भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर बीती रात को उनकी मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि मूलरूप से हापुड़ के रज्जाकपुर गांव निवासी जयपाल सिंह का बेटा विवेक नोएडा में बाउंसर के रूप में काम करता था। वह दादरी क्षेत्र के घोड़ी बछेड़ा गांव में किराए के मकान में रहता था। उन्होंने बताया कि बीती रात को दोस्तों के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था। देर रात को सेक्टर ओमिक्रॉन के पास विवेक सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।