भोपाल में राष्ट्रीय वंदे मातरम् युवा कैंप का आयोजन 12 अक्टूबर से, छह राज्यों के 150 युवा होंगे शामिल
भोपाल, 10 अक्टूबर । केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत, मध्य प्रदेश द्वारा वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राष्ट्रीय स्तर के वंदे मातरम् युवा कैंप 2026–27 का आयोजन 12 से 18 अक्टूबर तक भारतीय वन प्रबंधन संस्थान (आईआईएफ), भोपाल में किया रहा है। इस सात दिवसीय शिविर में देश के छह राज्यों से चयनित 150 युवा प्रतिभागी भाग लेंगे।
मेरा युवा भारत, मध्य प्रदेश के राज्य निदेशक मंगल जाखड़ ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि इस राष्ट्रीय शिविर का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति, संवैधानिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करना तथा उनमें नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है।
पत्रकार वार्ता में बताया गया कि यह कार्यक्रम विकसित भारत @2047 के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर शिविर के उद्देश्यों, गतिविधियों और राष्ट्रीय युवा सहभागिता के महत्व की जानकारी साझा की गई। पत्रकार वार्ता में मेरा युवा भारत मध्य प्रदेश के उपनिदेशक रोहित यादव, मोनिका चौधरी, कार्यक्रम मीडिया प्रभारी सागर वाधवानी एवं सहायक निदेशक अभिषेक भारद्वाज, जिला युवा अधिकारी उमंग जैन, जिला युवा अधिकारी श्रद्धा मित्तल, पल्लवी दुबे उपस्थित रहे।
शिविर के पहले दिन 12 अक्टूबर को प्रतिभागियों का परिचय, अभिमुखीकरण, अपेक्षाओं का आदान-प्रदान और उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। इसके माध्यम से युवाओं को शिविर के उद्देश्यों, गतिविधियों और सहभागिता की रूपरेखा से परिचित कराया जाएगा। 13 अक्टूबर को आपदा जोखिम न्यूनीकरण के अंतरराष्ट्रीय दिवस के संदर्भ में विषयगत सत्रों के साथ युवा सहभागिता संबंधी गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। 14 अक्टूबर को स्वच्छता गतिविधि, पदयात्रा, विषयगत सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारी और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा।
15 अक्टूबर को प्रतिभागियों के लिए क्षेत्रीय भ्रमण एवं अनुभवात्मक अधिगम की गतिविधियाँ निर्धारित हैं। इसके माध्यम से युवाओं को स्थानीय सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास संबंधी पहलुओं को समझने का अवसर मिलेगा। 16 अक्टूबर को विषयगत सत्रों, समूह गतिविधियों, प्रस्तुतियों, खेलकूद और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से सहभागिता एवं टीम भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा। 17 अक्टूबर को ध्यान, व्यायाम, विषयगत सत्र, युवा संवाद, अनुभव साझा करने तथा खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन होगा। शिविर के अंतिम दिन 18 अक्टूबर को समापन समारोह, समूह छायाचित्र, प्रतिभागियों से फीडबैक प्राप्त करने तथा उनके प्रस्थान की व्यवस्था रहेगी।
शिविर के दौरान विभिन्न राज्यों से आए युवाओं को एक-दूसरे की भाषा, संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक अनुभवों को जानने-समझने का अवसर मिलेगा। विषयगत सत्रों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, समूह गतिविधियों और संवाद के माध्यम से युवाओं में संवैधानिक चेतना, सामाजिक सहभागिता, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। मेरा युवा भारत का यह प्रयास युवाओं को राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने, विविधता में एकता की भावना को मजबूत करने और उन्हें विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


