MP

मध्य प्रदेश में मौसम ने बदली करवट, आज 21 जिलों में आंधी-बारिश और ओलों का अलर्ट, 5 मई तक रहेगा असर

भोपाल, 02 मई । मध्य प्रदेश में तेज गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। पिछले दो दिनों से प्रदेश के आधे से अधिक हिस्सों में आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने शनिवार को ग्वालियर सहित 21 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

बीते दो दिनों में प्रदेश के 35 से ज्यादा जिलों में बारिश, ओले या तेज आंधी का असर देखा गया है। शुक्रवार को भी कई स्थानों पर मौसम बिगड़ा रहा, जिससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जिन जिलों में शनिवार को आंधी-बारिश की चेतावनी दी गई है, उनमें ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, अनूपपुर, गुना, अशोकनगर, नीमच और मंदसौर शामिल हैं।

वहीं दूसरी ओर भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, रतलाम, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, कटनी, उमरिया, शहडोल, रीवा, मऊगंज, सीधी, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा और सिंगरौली में गर्मी का असर बना रहेगा। हालांकि, इनमें से कुछ जिलों—जैसे भोपाल, नर्मदापुरम, रीवा और शहडोल संभाग में दोपहर बाद मौसम बदल सकता है।

बीते शुक्रवार को जबलपुर और दमोह में बारिश दर्ज की गई। तापमान की बात करें तो खंडवा में सबसे अधिक 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नरसिंहपुर में 42.2 डिग्री, रतलाम में 41.2 डिग्री, टीकमगढ़ में 41 डिग्री, बैतूल में 40.8 डिग्री और गुना में 40.4 डिग्री तापमान रहा। प्रदेश के प्रमुख शहरों में उज्जैन का तापमान 40.5 डिग्री के साथ सबसे अधिक रहा। भोपाल में 39.8 डिग्री, इंदौर में 39.4 डिग्री, ग्वालियर में 37.4 डिग्री और जबलपुर में 38 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

आमतौर पर मई महीने में तेज गर्मी पड़ती है, लेकिन इस बार महीने की शुरुआत आंधी-बारिश के साथ हुई है। ऐसी ही स्थिति 5 मई तक बनी रह सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि चक्रवाती परिसंचरण के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आया है। साथ ही हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश में आगे भी आंधी-बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।