कॉस्मेटिक दुकान की आड़ में नशीली दवाओं की तस्करी, दुकानदार गिरफ्तार
हरिद्वार, 01 जुलाई (हि. स.)। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने हरिद्वार जिले के कलियर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए कॉस्मेटिक की दुकान की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की सप्लाई करने के आरोप में एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से वाणिज्यिक मात्रा में कोडीन सिरप और ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए हैं।
एसटीएफ की ओर से बुधवार को जारी जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर राज्यभर में नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसटीएफ/एएनटीएफ की टीम ने ड्रग इंस्पेक्टर के साथ थाना कलियर क्षेत्र के कई संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान एहतिशाम कॉस्मेटिक जनरल स्टोर पर छापा मारकर संचालक अहतशाम उल हक, निवासी बुड्ढा हैदी, थाना पथरी, हरिद्वार को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से करीब 3.9 किलोग्राम कोडीन सिरप और प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी इन दवाओं को मूल कीमत से कई गुना अधिक दाम पर बेचकर अवैध लाभ कमा रहा था।
एसटीएफ ने बताया कि आरोपी का संबंध पूर्व में एसटीएफ द्वारा बरामद किए गए 18 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल के मामले से भी सामने आया है। उसके अन्य संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी की गई है और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज हैं और वह नशीली दवाओं की तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने लोगों से नशे से दूर रहने तथा नशा तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस अथवा एसटीएफ को देने की अपील करते हुए कहा कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

