Himachal Pradesh

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे मुख्यमंत्री सुक्खू के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया, युवा मामले विभाग में निदेशक नियुक्त

शिमला, 24 जुलाई । हिमाचल प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारियों को केंद्र सरकार में अहम जिम्मेदारियां मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। अब 2011 बैच के आईएएस अधिकारी विवेक भाटिया को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर नई दिल्ली स्थित युवा कार्यक्रम विभाग में निदेशक नियुक्त किया गया है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने केंद्रीय स्टाफिंग योजना के तहत उनकी नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। उनके साथ ही केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने वाले हिमाचल कैडर के आईएएस अधिकारियों की संख्या बढ़कर 25 हो जाएगी।

डीओपीटी के आदेश के अनुसार विवेक भाटिया की नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तारीख से पांच वर्ष या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगी।

विभाग ने हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव को निर्देश दिए हैं कि उन्हें तत्काल वर्तमान दायित्वों से कार्यमुक्त किया जाए, जिससे वह नई जिम्मेदारी संभाल सकें। आदेश में यह भी कहा गया है कि नियुक्ति पत्र जारी होने की तारीख से तीन सप्ताह के भीतर उन्हें नए पद पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। निर्धारित अवधि में कार्यभार नहीं संभालने की स्थिति में केंद्रीय स्टाफिंग योजना के प्रावधानों के अनुसार डिबार करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।

विवेक भाटिया इस समय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान निजी सचिव के रूप में कार्यरत हैं। हाल ही में राज्य सरकार ने उन्हें उद्योग विभाग के निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा था। इससे पहले वह लाहुल स्पीती, चंबा और बिलासपुर के उपायुक्त के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वह मूल रूप से हमीरपुर जिले के निवासी हैं और प्रशासनिक कार्यशैली के कारण उन्हें अनुभवी अधिकारियों में गिना जाता है।

हाल के समय में हिमाचल प्रदेश कैडर के कई आईएएस अधिकारियों को केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। इससे पहले आईएएस निपुण जिंदल को आर्थिक मामलों के विभाग में उप सचिव और आईएएस राकेश कुमार प्रजापति को उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) में निदेशक नियुक्त किया जा चुका है। विवेक भाटिया की नियुक्ति के साथ ही केंद्र में हिमाचल कैडर के अधिकारियों की मौजूदगी और मजबूत होगी।

हिमाचल प्रदेश में आईएएस अधिकारियों का स्वीकृत कैडर 153 पदों का है। विवेक भाटिया के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद केंद्र सरकार में कार्यरत हिमाचल कैडर के आईएएस अधिकारियों की संख्या बढ़कर 25 हो जाएगी।