MP

मप्रः मंदसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार से 465 किलो डोडाचूरा जब्त

भोपाल, 25 जुलाई । मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले की थाना अफजलपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से 465 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से मादक पदार्थ एवं वाहन सहित लगभग 21 लाख 30 हजार रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की है। मामले में अज्ञात तस्करों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।

मंदसौर के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि 24 जुलाई की रात्रि में थाना अफजलपुर पुलिस द्वारा नियमित गश्त एवं संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वाहन चालक वाहन को तेज गति से भगाने लगा, किंतु कुछ दूरी पर अंधेरे का लाभ उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे 21 कट्टों में भरा 465 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने 9 लाख 30 हजार रुपये मूल्य का 465 किलोग्राम डोडाचूरा तथा लगभग 12 लाख रुपये मूल्य की स्कॉर्पियो जब्त कर थाना अफजलपुर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। मामले की विवेचना जारी है तथा फरार आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें सक्रिय रूप से प्रयासरत हैं।