Himachal Pradesh

कमाल ख़ान के गानों की गूंज और प्रतिभाओं के सम्मान के साथ संपन्न हुआ सिरमौर उत्सव

नाहन, 19 सितंबर । सिरमौर उत्सव 2026 की चौथी तथा अंतिम सांस्कृतिक संध्या अत्यंत उत्साह, उमंग और भव्यता के साथ संपन्न हुई। अंतिम सांस्कृतिक संध्या बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्व गायक कमाल ख़ान के नाम रही, जिन्होंने अपनी संगीतमय और ऊर्जावान प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

कार्यक्रम में नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। सांस्कृतिक संध्या के दौरान विभिन्न श्रेणियों में आयोजित प्रतियोगिताओं के अंतिम परिणामों की घोषणा की गई और विजेताओं को सम्मानित किया गया। नृत्य, गायन, वाद्य संगीत, रैप-बैटल, बेबी शो, मॉडलिंग, बॉडी बिल्डिंग और वेट लिफ्टिंग जैसी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपने उत्कृष्ट हुनर का प्रदर्शन किया।

समारोह के समापन पर मुख्य अतिथि विधायक अजय सोलंकी सहित उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में विधायक सोलंकी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्थानीय युवाओं और उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त और पारदर्शी मंच प्रदान करते हैं।