Haryana

हिसार : लुवास एवं ‘ट्रेनर्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट’ (टीटीआई) के बीच हुआ समझौता

हिसार, 15 नवंबर । यहां के दो प्रमुख संस्थानों लाला लाजपत राय पशु

चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), एवं ‘ट्रेनर्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट’ (टीटीआई) के बीच महत्वपूर्ण

समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए है। यह कार्यक्रम हरियाणा सरकार के पशुपालन एवं

डेयरी विभाग के आयुक्त एवं सचिव विजय सिंह दहिया एवं लुवास के कुलपति डॉ. विनोद कुमार

वर्मा की उपस्थिति में शनिवार काे कुलपति सचिवालय में हुआ।

समझौता ज्ञापन पर दोनों संस्थानों की ओर से विधिवत हस्ताक्षर किए गए। लुवास

की ओर से मानव संसाधन प्रबंधन निदेशक डॉ. राजेश खुराना ने हस्ताक्षर किए जबकि कॉलेज

ऑफ वेटरनरी साइंस के अधिष्ठाता डॉ. मनोज कुमार रोज़ ने साक्षी के रूप में उपस्थिति

दर्ज की। टीटीआई की ओर से संयुक्त निदेशक एवं प्राचार्य डॉ. सुखदेव राठी एवं पशु चिकित्सा

शल्य चिकित्सक डॉ. राजीव बांगर ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर लुवास के कुलसचिव डॉ.

एसएस ढाका, अनुसंधान निदेशक डॉ. नरेश जिंदल एवं आईपीवीएस निदेशक उपस्थित रहे।

इस समझौता ज्ञापन का मुख्य उद्देश्य दोनों संस्थानों के बीच प्रशिक्षण, वैज्ञानिक

ज्ञान के आदान-प्रदान तथा लुवास द्वारा विकसित आधुनिक पशुचिकित्सा तकनीकों को हरियाणा

के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के फील्ड कर्मचारियों तक पहुंचाने के लिए एक सहयोगात्मक

ढांचा स्थापित करना है।

यह पहल राज्य में पशु चिकित्सा अनुसंधान के मैदानी स्तर पर उपयोग को मजबूती

प्रदान करेगी तथा पशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में महत्वपूर्ण सुधार सुनिश्चित

करेगी।

कार्यक्रम के उपरांत हरियाणा सरकार के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के आयुक्त एवं

सचिव विजय सिंह दहिया ने लुवास के विभिन्न विभागों तथा न्यू कैंपस का विस्तृत दौरा

किया। उन्होंने आईवीएफ-ईटीटी लैब, कॉलेज ऑफ डेयरी साइंस, नव निर्मित रेजिडेंस एवं हॉस्टल

परिसर, तथा अत्याधुनिक एनिमल फॉर्म का निरीक्षण किया। दहिया ने लुवास द्वारा पशु स्वास्थ्य, रोग पहचान, प्रजनन तकनीकों, पशुपालन

प्रबंधन, तथा फील्ड स्तर पर उपयोगी नवाचारों के क्षेत्र में किए जा रहे उन्नत कार्यों

की सराहना की। न्यू कैंपस के दौरे के दौरान, पर्यावरण संरक्षण के

प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए दहिया ने कुलपति डॉ. विनोद कुमार वर्मा के

साथ मिलकर स्मृति-चिह्न स्वरूप एक पौधा भी रोपा। कुलपति डॉ. विनोद कुमार वर्मा ने कमिश्नर एवं सचिव विजय सिंह दहिया का लुवास

पहुंचने, विश्वविद्यालय की गतिविधियों में रुचि दिखाने तथा निरंतर प्रोत्साहन प्रदान

करने के लिए स्वगत एवं धन्यवाद किया।